बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन लगभग एक दर्जन मवेशियों को पकड़कर गौशाला पहुंचाया गया।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि शहर में बेसहारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित होने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त स्थानों पर नियमित कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि पहले दिन सड़क पर घूमते मिले करीब 12 मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया। अभियान का उद्देश्य केवल मवेशियों को पकड़ना नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान करना है।
सीएमओ ने कहा कि जिन पशुपालकों के मवेशी सड़कों पर खुले घूमते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नगर पालिका अधिनियम के तहत जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने की अपील भी की।
उन्होंने बताया कि यह अभियान शहर की सड़कों को बेसहारा मवेशियों से मुक्त कराने तक नियमित रूप से जारी रहेगा और नगर पालिका की टीमें विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखकर कार्रवाई करेंगी।
हाल ही में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के मुलताई दौरे के दौरान भी सड़क पर बेसहारा मवेशी दिखाई देने के बाद प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित