बैतूल , मई 30 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में बैतूल रोड स्थित ड्रीमलैंड सिटी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब पांच बजे अमित पवार की साईंनाथ बिल्डिंग मटेरियल दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। आग ने देखते ही देखते दुकान में रखे मोटर पंप, नोजल पाइप, कंप्यूटर सिस्टम, वाहन टायर तथा अन्य निर्माण सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर परिषद के फायर ब्रिगेड दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी मनोज कवड़े, दीपक अहिरवार और विजय बड़घरे मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने लगे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी और यदि समय रहते उस पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित अन्य दुकानों और मकानों तक भी पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
दुकान संचालक अमित पवार ने बताया कि आग से दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में दो लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने फायर ब्रिगेड दल की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। संबंधित विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका व्यक्त की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित