बैतूल , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर पालिका में पदस्थ फायरमैन भूपेंद्र सिंह राठौड़ (36) की जहरीले पदार्थ के सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर परिजन भूपेंद्र सिंह को गंभीर हालत में मुलताई के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि दो दिन पहले भी उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उस समय समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उनकी जान बच गई थी और स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था।

भूपेंद्र सिंह की मौत से नगर पालिका कर्मचारियों और परिचितों में शोक है। उनके जहरीले पदार्थ का सेवन करने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर निजी कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित