बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और विभिन्न वार्डों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष नाराजगी जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को थाना पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में अजय यादव, सभापति शिल्पा शर्मा, सुरेश पौनीकर, भाजपा नेता शुकांत बनर्जी और प्रह्लाद परमार भी शामिल थे।
जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी को बताया कि हाल के दिनों में नगर के धार्मिक स्थलों को भी चोरों ने निशाना बनाया है, जिससे लोगों में आक्रोश है। नीतू परमार ने कहा कि चार दिन पहले खाटू श्याम मंदिर की तीन दानपेटियों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी। इससे पहले साई मंदिर की दानपेटी से भी नकदी चोरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात भगतसिंह वार्ड में संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर के विभिन्न वार्डों और गलियों में कथित रूप से हो रही अवैध शराब की बिक्री पर भी चिंता जताते हुए इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी विकास पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित