बैतूल , मई 14 -- धार्मिक नगरी मुलताई में सरकारी शराब दुकानें बंद होने के बावजूद अवैध शराब कारोबार जारी रहने के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 54.9 लीटर देशी शराब जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी एस.के. सिंह तथा थाना प्रभारी नरेंद्रसिंह परिहार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने कस्बे के कामथ, मटन मार्केट तथा अन्य क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।

जब्त शराब की कुल कीमत 25 हजार 290 रुपये आंकी गई है। आरोपियों में पंकज पवार, रवि साहू, मनोज कुशवाह, मनीष अहिरवार, सतवंत साहू, हुकुमचंद साहू, निलेश खैरपारे, दिलीप बामने, इंदल लबाड़े और सोनिया भूमरकर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सबसे अधिक 70 पाव देशी शराब सोनिया भूमरकर तथा 65 पाव शराब दिलीप बामने के पास से बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार मुलताई में इस वर्ष सरकारी शराब दुकानों की नीलामी नहीं होने के कारण दुकानें बंद कर दी गई थीं। इसके बावजूद अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन अवैध कारोबार पर स्थायी रोक नहीं लग सकी है।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित