बैतूल , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब तथा बीयर जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 2,350 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन और मुलताई एसडीओपी एस.के. सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में 10 सितंबर को कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के साथ होटल और लॉज की जांच की। इस दौरान पहली कार्रवाई परमंडल जोड़ के पास की गई। यहां राजेश पिता रघुनाथ भुमरकर, निवासी भगतसिंह वार्ड मुलताई, के कब्जे से देशी मसाला शराब के 12 पाव बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 1,080 रुपये है।

दूसरी कार्रवाई पारगांव रोड हाईवे के पास की गई। यहां मिथुन पिता मदनलाल पवार (38), निवासी भगतसिंह वार्ड मुलताई, के कब्जे से एक बीयर, अंग्रेजी शराब के दो पाव और देशी शराब के 11 पाव बरामद हुए। जब्त शराब की कीमत करीब 1,270 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास पटेल, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक प्रिंस, विवेक, अरविंद, सेवाराम और गोपाल की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अवैध शराब की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित