बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 42 लीटर से अधिक शराब जब्त की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम ने 8 अप्रैल को विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 42.54 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसमें 103 पाव देशी शराब और 43 बीयर शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 19 हजार 520 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों से शराब रखने एवं विक्रय से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित