बैतूल , सितंबर 22 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई शहर में अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका ने 17 से अधिक कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर संबंधित कॉलोनी का लेआउट, प्लॉटधारकों की क्षेत्रफलवार सूची और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित भूखंडों को निकाय के प्रबंधन में लेने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी की ओर से 22 सितंबर को जारी नोटिस में कहा गया है कि नगर पालिका क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अनधिकृत रूप से कॉलोनियां विकसित कर भूखंडों का विक्रय किया गया है। नगर पालिका के अनुसार ऐसी कॉलोनियों में निवास करने वाले लोगों को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका ने बताया कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच किए गए सर्वे में अनधिकृत कॉलोनियों से संबंधित लोगों के नाम सामने आए थे। इसी सूची के आधार पर संबंधित कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में कॉलोनी के विकास से संबंधित लेआउट, प्लॉटधारकों की क्षेत्रफलवार जानकारी तथा उपलब्ध अभिलेख निर्धारित समय में निकाय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित