बैतूल , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं, जिनमें किसानों को नुकसान हुआ है। नरवाई जलाने की बढ़ती घटनाओं के चलते आग की घटनाएं गंभीर रूप ले रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लेंदागोदी में कालू चिकाने के खेत में आग लगने से नरवाई सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं ग्राम जंबाड़ी में लखनलाल राजपूत के खेत में लगी आग से चारा, जलाऊ लकड़ी और कृषि उपकरण जल गए। इसी प्रकार थावरिया में जगदीश गावंडे के खेत में आग लगने से नरवाई के साथ कृषि उपकरणों को नुकसान पहुंचा।

इसके अलावा मुलताई नगर सीमा के बिरूल बाजार रोड क्षेत्र में भी आग लगने से किसान के खेत में रखे उपकरण एवं अन्य सामग्री जल गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर सभी स्थानों पर आग पर काबू पा लिया। प्रशासन ने किसानों से नरवाई में आग नहीं लगाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित