बैतूल , अप्रैल 16 -- नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, भोपाल ने मुलताई का नाम मुलतापी करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कलेक्टर बैतूल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद मुलताई को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
अपर संचालक रामकुमार कार्तिकेय द्वारा जारी निर्देशों में मुलताई को धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगरी मानते हुए इसके समग्र विकास और व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया गया है। इसके तहत श्रद्धालुओं और आमजन के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन ने मेला ग्राउंड और उत्सव स्थलों का चिन्हांकन कर उनके समन्वित विकास, मंदिरों में दर्शन व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षा स्थल सहित मूलभूत सुविधाएं विकसित करने को प्राथमिकता देने को कहा है।
स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नियमित निगरानी रखने तथा धार्मिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने के लिए मांस, अंडा और मछली के विक्रय पर नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही गंदी बस्तियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर और नगर पालिका को इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई कर प्रगति प्रतिवेदन सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित