कोलकाता , सितंबर 14 -- पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के खरैरा गांव में जुए के एक संदिग्ध अड्डे पर छापेमारी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर बम फेंके, जिससे पुलिस के एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना रविवार की रात उस समय हुई जब सालार थाना के जवानों ने अपराध-विरोधी अभियान के तहत जुए के अड्डे पर छापेमारी की। टीम जुए की गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने को इलाके में गयी थी। पुलिस ने जब गिरफ्तारियां शुरू कीं तो हंगामा मच गया।आरोपियों ने पुलिस टीम पर बम फेंकना शुरू कर दिया, जिससे जवानों को बचाव के लिए छिपना पड़ा। कई बम अंधाधुंध फेंके गये, जिससे इलाके में दहशत फैल गयी। हमले में सालार थाना के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सादेक अली गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें खून से लथपथ हालत में बहरामपुर के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
हमले के बाद पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने हमले में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान इलाके से कई देसी बम बरामद किये गये, जिनमें से कुछ सक्रिय (लाइव) हालत में थे। पुलिस ने घटना के सिलसिले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और हमले में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ कर रही है।
बमबारी के बाद मौके से भागने वाले अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास भी किये जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों पर हमले से इलाके में तनाव फैल गया है और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने और तलाशी अभियान में मदद के लिए अतिरिक्त बल तैनात किये गये हैं। यह घटना मुर्शिदाबाद के विभिन्न हिस्सों में अवैध जुए और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस के लगातार अभियानों के बीच हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित