भुवनेश्वर , अक्टूबर 17 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा के दौरे पर आएंगी। इस दौरान वह मयूरभंज जिले में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वह खुर्दा के पास भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नए ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर और प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने शनिवार को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सुरक्षा, व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया।
श्री मोदी 25 अक्टूबर को अपराह्न भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से भुवनेश्वर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर से खुर्दा हेलीपैड जाएंगे और सूर्यास्त से पहले वहां पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से आरबीआई के कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक घंटे तक रहने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह शाम को सड़क मार्ग से भुवनेश्वर हवाई अड्डे लौटेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, उनके काफिले के मार्ग, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था, मीडिया के साथ समन्वय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में श्रीमती मुर्मु के 28 और 29 अक्टूबर को मयूरभंज के दो दिवसीय दौरे की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी। राष्ट्रपति 28 अक्टूबर सुबह दांडाबोस हवाई अड्डे पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग से बहलदा स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह रायरंगपुर के महुलडीहा स्थित लक्ष्मी मंडप जाएंगी।
उसी दिन अपराह्न में श्रीमती मुर्मु रायरंगपुर उपमंडलीय अस्पताल का दौरा करेंगी और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा 24 से 28 अक्टूबर तक शहर में आयोजित किए जा रहे विशाल स्वास्थ्य शिविर से जुड़े लाभार्थियों से बातचीत करेंगी।
बाद में वह रायरंगपुर में कचेरी रोड पर आयोजित जनसभा में शामिल होंगी और भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईआईएफएम) के परिसर की आभासी माध्यम से आधारशिला रखेंगी। वह केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से स्वीकृत प्रसाद योजना के तहत मां किचकेश्वरी मंदिर और उससे सटे तालाब के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगी।
राष्ट्रपति 28 अक्टूबर को रायरंगपुर और बादामपहाड़ में नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी। वह रायरंगपुर में गौशाला और आदिवासी सामाजिक शिक्षा एवं सांस्कृतिक संघ के भवन की आधारशिला भी रखेंगी।
श्रीमती मुर्मु 29 अक्टूबर को रायरंगपुर स्थित खेल परिसर, बहु-कौशल विकास केंद्र और गोरुमहिसानी आयरन कॉलेज का दौरा करेंगी। इसके बाद वह रायरंगपुर टाउन हॉल में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित बैठकों और जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके साथ ही उनका दौरा संपन्न होगा और वह अपराह्न बाद वापस रवाना होंगी।
मुख्य सचिव ने बैठक में विभिन्न विभागों के सचिवों, केंद्रीय राजस्व संभागीय आयुक्त, संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों तथा राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों दौरों के दौरान सभी कार्यक्रमों का सुचारु और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने, व्यवस्थाओं पर करीबी नजर रखने और पहले से तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित