नयी दिल्ली , जून 20 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में नागरिक अलंकरण समारोह-द्वितीय में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अनेक मंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस समारोह में उपस्थित रहेंगे।

द्वितीय नागरिक अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी, जिनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री सम्मान शामिल हैं।

श्रीमती मुर्मु ने 25 मई को आयोजित प्रथम नागरिक अलंकरण समारोह में भी 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे, जिनमें दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 57 पद्म श्री शामिल थे।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। ये तीन श्रेणियों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार कला, समाज सेवा, लोक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, लोक सेवा आदि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।

'पद्म विभूषण' असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, 'पद्म भूषण' उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए तथा 'पद्म श्री' किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। इन पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित