दंतेवाड़ा , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार में शुक्रवार को दंतेवाड़ा जिले की बिहान दीदी रामबती पोडियाम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बेल मेटल से निर्मित बस्तर कला की आकर्षक कलाकृति भेंट की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' से जुड़ी रामबती ने इस अवसर पर जिले की पारंपरिक कला और ग्रामीण महिलाओं के हुनर का प्रतिनिधित्व किया।

गीदम विकासखंड के ग्राम झोडिया बाडमा की निवासी रामबती पोडियाम पिछले छह वर्षों से बिहान योजना के माध्यम से आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और सहयोग से वह छिंद के पत्तों से आकर्षक गुलदस्ते, राखियां, मालाएं और विभिन्न कलाकृतियां तैयार कर रही हैं।

रामबती ने अपनी मेहनत, रचनात्मकता और लगन के बल पर पिछले छह वर्षों में इन उत्पादों के विक्रय से लगभग 35 लाख रुपये की आय अर्जित की है। उनके उत्पाद स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और पारंपरिक शिल्प के जरिए स्वरोजगार का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित