देहरादून , जून 11 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी (डीएम) आशीष चौहान ने गुरुवार को 'राष्ट्रपति निकेतन' और 'राष्ट्रपति आशियाना' परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये।

राष्ट्रपति मुर्मु के राजधानी देहरादून में 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल और सुचारु संचालन के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट मोड पर है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती मुर्मु 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहाँ वह राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन करेंगी। इसके बाद, अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की दीक्षांत परेड (पीओपी) में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।

जिलाधिकारी चौहान ने आज निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी तैयारियों को शत-प्रतिशत त्रुटिहीन रखें। उन्होंने बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी), वन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को अपनी व्यवस्थाओं से संबंधित फिटनेस या क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही डॉ चौहान ने राष्ट्रपति उद्यान में विकसित की जा रही अत्याधुनिक अवस्थापना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) सुविधाओं को तय समय के भीतर पूरा करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तुरंत बहाल करने को कहा है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को लेकर जहां प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं उनके इस दौरे का मुख्य केंद्र 'राष्ट्रपति आशियाना' परिसर में बन रहा भव्य राष्ट्रपति उद्यान है। लगभग 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा यह अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय पार्क वर्तमान में तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है। हरियाली, स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया जा रहा यह उद्यान आने वाले समय में देहरादून की एक नई पहचान बनेगा। उल्लेखनीय है कि श्रीमती मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून 2025 को देहरादून में 'राष्ट्रपति तपोवन' एवं 'राष्ट्रपति निकेतन' का उद्घाटन किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन परिसर में इस महत्वाकांक्षी 'राष्ट्रपति उद्यान' की आधारशिला भी रखी थी। अब अपने इस दौरे पर वह स्वयं इसके विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित