शाहजहांपुर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में मुर्गों का दंगल कराकर उस पर बाजी लगाने के मामले में पुलिस ने टॉप-टेन हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियांक जैन ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि रावतपुर गांव के पास कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुहेल खां उर्फ बॉर्डर अपने साथियों के साथ मुर्गों का दंगल कराता है। पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर सामने आया कि 25 अप्रैल को आम के बाग में चोरी-छिपे मुर्गों को लड़ाकर उन पर जीत-हार की बाजी लगाई गई थी।
उन्होंने बताया कि यह स्थान उस पशु बाजार के पास है, जहां नियमित रूप से गाय, भैंस और बकरियों की खरीद-फरोख्त होती है। मुर्गों को विशेष रूप से लड़ाई के लिए तैयार किया जाता था। इस मामले में कांट थाने में तैनात उपनिरीक्षक मुनाजिर हुसैन की तहरीर पर सुहेल खां उर्फ बॉर्डर, सुआले, वासिद समेत दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित