नैनीताल , जून 18 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस और कुमाऊं की मादक पदार्थ निरोधक बल (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने मुर्गा सप्लाई वाहन की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। बोलेरो पिकअप और कार को भी जब्त कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की टीम ने 18 जून को भीमताल बाजार स्थित सोना मटन चिकन शॉप के सामने खुटानी बैंड के पास लाल रंग की कार तथा उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप वाहने को रोककर जांच की।

जांच के दौरान पिकअप वाहन से एक व्यक्ति जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन चालक और उसके साथी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप से 2.683 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से अख्तर हुसैन (43) निवासी ब्लॉक रोड, मल्लीताल, भीमताल तथा विजय सिंह बिष्ट (34) निवासी ग्राम सूपी, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी की पहचान के रूप में हुई है। जिसकी तलाश की जा रही है।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना भीमताल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और उसे कहां ले जाया जा रहा था इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित