भोपाल , अक्टूबर 28 -- दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर से 700 किलो से अधिक एनालॉग पनीर जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। पनीर ट्रेन के जरिए मुरैना से भोपाल लाया गया था।
विभागीय अधिकारियों ने मंगलवार रात करीब दो बजे कार्रवाई करते हुए पनीर को अपने कब्जे में लिया। बिल्टी और बिल के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह तक विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी रही।
अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि जब्त पनीर की आपूर्ति कहां की जानी थी और इसे किस होटल, रेस्टोरेंट या डेयरी तक पहुंचाया जाना था। संबंधित प्रतिष्ठानों की जानकारी मिलने के बाद उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में करीब तीन महीने पहले एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसे सामान्य दूध से बने पनीर के विकल्प के रूप में तैयार किया जाता है। इसमें दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति वसा, स्टार्च और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी कीमत अपेक्षाकृत कम होने के कारण बाजार में इसका उपयोग बढ़ा है। एनालॉग पनीर की बिक्री के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी पहले चिंता जताई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित