मुरैना , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ अनुभाग में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए हाउसिंग बोर्ड के लिए आरक्षित लगभग 25 करोड़ रुपए मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर एसडीएम सबलगढ़ सुश्री मेघा तिवारी के नेतृत्व में ग्राम देवपुर पूछरी स्थित सर्वे क्रमांक 245, रकबा 2.64 हेक्टेयर भूमि पर यह कार्रवाई की गई। यह भूमि मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड (ग्रामीण आवास) एवं अधोसंरचना विकास मंडल के लिए आरक्षित थी।
राजस्व एवं पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से भूमि पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि को हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को मौके पर ही सुपुर्द कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित