मुरैना , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कैलारस सहकारी शक्कर कारखाने को पुनः शुरू कराने और उसकी भूमि को एमएसएमई को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया निरस्त करने की मांग को लेकर 22 अगस्त को प्रस्तावित जिला बंद को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। पार्टी ने व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील की है।

मुरैना एवं अंबाह विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर और देवेंद्र सखवार तथा कांग्रेस के ग्रामीण एवं शहर जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर और गजेंद्र जाटव ने आज यहां पत्रकार वार्ता में संयुक्त रूप से बंद का समर्थन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर कारखाना बचाओ किसान सभा संघर्ष समिति के आह्वान पर होने वाले बंद का उद्देश्य कैलारस सहकारी शक्कर कारखाने को पुनः चालू कराने और उसकी बेशकीमती भूमि को एमएसएमई को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया रद्द कराने की मांग को मजबूती देना है।

उन्होंने कहा कि कैलारस विधायक पंकज उपाध्याय पिछले छह दिनों से इन्हीं मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं और उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही है। इसके बावजूद जिला प्रशासन और सत्ता में बैठे जिम्मेदार प्रतिनिधि उनसे संपर्क नहीं कर रहे हैं और न ही किसानों की मांगों पर चर्चा कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव के समय शक्कर कारखाना चालू कराने का आश्वासन देती रही, लेकिन चुनाव के बाद सरकार ने कारखाने की भूमि को एमएसएमई को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से 22 अगस्त को मुरैना जिला बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि शक्कर कारखाने को बचाने के लिए किसानों के आंदोलन में सहयोग किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित