मुरैना , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला मुख्यालय पर सहकारी संस्था इफको द्वारा 13 मार्च को पुलिस परेड ग्राउंड में विशाल किसान सम्मेलन तथा निःशुल्क नेत्र परीक्षण और मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे।
कार्यक्रम में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, महापौर शारदा सोलंकी, इफको के विपणन निदेशक योगेंद्र कुमार, वरिष्ठ महाप्रबंधक संजय कुलश्रेष्ठ सहित जिले के जनप्रतिनिधि, इफको और जिला प्रशासन के अधिकारी तथा लगभग पांच हजार से अधिक किसान भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तरीके, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, फसल उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संबंध में जानकारी देंगे।
इफको द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत 13 से 18 मार्च तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष नेत्र परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की जाएगी और जिन लोगों को मोतियाबिंद की समस्या होगी, उनका निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे समय पर उपचार प्राप्त कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित