मुरैना , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुरैना में इंसानियत की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान को चलती स्कूटी पर अचानक हार्ट अटैक आने से वह सड़क पर गिर पड़ा और अचेत हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सीपीआर देकर उसकी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खड़िया हार निवासी सीआरपीएफ जवान कुलदीप तोमर किसी कार्य से स्कूटी से मुरैना आए थे। एमएस रोड पर चलते समय उन्हें अचानक अटैक आया और वे स्कूटी से गिरकर बेहोश हो गए।

जवान को गिरते देख राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए करीब 15 मिनट तक सीपीआर (आपातकालीन जीवन रक्षक प्रक्रिया) दी, जिससे उन्हें होश आ गया। इसके बाद लोगों ने उन्हें समीप के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के साथ नहीं होने का हवाला देते हुए प्रारंभिक रूप से इलाज करने से इनकार कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और जवान को अन्य अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। इस घटना में राहगीरों की सतर्कता और मानवता के चलते जवान की जान बच गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित