मुरैना , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला और एक युवक के शव अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आमन का पूरा गांव निवासी 40 वर्षीय मीना जाटव और 32 वर्षीय रामबहादुर जाटव के रूप में हुई है। महिला का शव एक पेड़ से तथा युवक का शव खेत में लगे सीमेंट के पिलर से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही बागचीनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास से साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय स्तर पर दोनों के बीच परिचय और प्रेम-प्रसंग की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित