मुरैना , मई 4 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े के शव आज सुबह आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके हुए पाए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान अंजली प्रजापति (19) और योगेश शर्मा (21) के रूप में हुई है। दोनों छतर के पूरा गांव के निवासी बताए गए हैं।

ग्रामीणों ने सुबह खेतों पर जाते समय पेड़ पर दोनों के शव लटके देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण परिजन विवाह के विरोध में थे। इसी के चलते दोनों ने एक ही साड़ी से पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया गया है कि युवक ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर वॉयस रिकॉर्डिंग पोस्ट कर इसे अपनी इच्छा से उठाया गया कदम बताया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित