मुरैना , जून 21 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सभी सात परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थागत प्रबंधन के व्यापक और प्रभावी इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर परीक्षा संचालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,366 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,152 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 214 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई और परीक्षा पूरी पारदर्शिता तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित