मुरैना , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कमिश्नर कॉलोनी के पास सोमवार रात एक अनियंत्रित कंटेनर डिवाइडर पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रांसफार्मर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बिजली सप्लाई बंद होने और विद्युत कर्मचारियों के ट्रांसफार्मर पर काम पूरा करने के बाद सड़क किनारे खड़े होने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत कर्मचारी ट्रांसफार्मर पर कार्य कर रहे थे। काम पूरा करने के बाद वे सड़क किनारे खड़े हुए ही थे, तभी एक कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और ट्रांसफार्मर में जा घुसा। टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया।
कंटेनर चालक ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय अचानक कंटेनर की स्टीयरिंग जाम हो गई, जिसके कारण वाहन उसके नियंत्रण से बाहर हो गया और ट्रांसफार्मर से जा टकराया।
विद्युत विभाग के अनुसार ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से विभाग को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विद्युत कर्मचारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित