मुरैना , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण, उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं का प्रभावी लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा जिला स्तर पर ट्रांसजेंडर सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जारी आदेश के अनुसार यह गठन केन्द्र सरकार के ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 तथा ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) नियम, 2021 के प्रावधानों के तहत किया गया है। सेल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों के प्रभावी निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
गठित ट्रांसजेंडर सुरक्षा प्रकोष्ठ में पुलिस अधीक्षक, मुरैना को अध्यक्ष तथा उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को सचिव-सदस्य नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास), जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कानूनी सलाहकार तथा ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रतिनिधि नेहा किन्नर को सदस्य बनाया गया है।
आदेशानुसार ट्रांसजेंडर सुरक्ष प्रकोष्ठ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कार्य करेगी। इसके साथ ही भेदभाव, उत्पीड़न अथवा अन्य शिकायतों का पंजीयन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को पहचान प्रमाण-पत्र एवं परिचय-पत्र जारी कराने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेगी। सेल द्वारा पुलिस अधिकारियों, संबंधित विभागों एवं आमजन के लिए समय-समय पर संवेदनशीलता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति समानता, सम्मान, गरिमा एवं सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा दिया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित