मुरैना , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के मुरैना शहर में पानी की लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान पीएनजी लाइन फटने से आग लग गई, जिसमें दुकान संचालक सहित चार लोग बुरी तरह झुलस गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार एमएस रोड स्थित नेहरू पार्क के पास पानी की पाइपलाइन टूटने के बाद नगर निगम कर्मचारी जेसीबी से गड्ढा खोदकर उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और उससे निकली गैस पास में जल रही हलवाई की भट्टी के संपर्क में आ गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी।
आग की चपेट में आने से दुकान के बाहर रखा सामान जलकर राख हो गया और दुकान संचालक सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल दल और गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
बताया गया है कि फिलहाल मुरैना शहर में घरों तक गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई है और पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की महापौर सारदा सोलंकी, निगम आयुक्त और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित