मुरैना , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के मुरैना शहर के इस्लामपुरा क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ गोदाम में आज अचानक भीषण आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आग की सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा, लेकिन क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आसपास के मकानों की छतों से पाइप लाइन बिछाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आगजनी की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से गोदाम में रखे कबाड़ को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित