मुरैना , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में चार माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चार माह पूर्व एक शादी समारोह के दौरान दो गुटों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इस दौरान एक गुट द्वारा की गई फायरिंग में एक हलवाई गोली लगने से घायल हो गया था। कोतवाली थाना पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया था।

पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि चौथे आरोपी सौरभ राठौर को आज मुरैना के पुराने बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में शेष पांचवें आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित