मुरैना , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिस्मिल नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर अवैध शराब की 45 पेटियां जब्त की हैं। जब्त शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी हरेंद्र कंसाना मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साले को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि बिस्मिल नगर के निवासियों से शिकायतें मिल रही थीं कि हरेंद्र कंसाना अपने घर से अवैध शराब बेच रहा है। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने उसके मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की शराब की 45 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान हरेंद्र कंसाना अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि मौके पर शराब बेच रहे उसके साले को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित