मुरैना , मई 18 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में जिला प्रशासन ने चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5300 ट्रॉली रेत नष्ट कर दी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के मार्गदर्शन में रिठौरा घाट क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया गया।
कार्रवाई में वनमंडलाधिकारी हरिश चंद्र बघेल, जिला खनिज अधिकारी एस.के. निर्मल, थाना प्रभारी सरायछोला, वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी, एसएएफ बल तथा वन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
संयुक्त दल ने दो जेसीबी मशीनों की सहायता से चंबल नदी क्षेत्र स्थित रिठौरा घाट पर अवैध रूप से संग्रहित रेत भंडारण को नष्ट किया। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लगातार चलती रही।
प्रशासन के अनुसार इस दौरान लगभग 5300 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण का विनष्टीकरण किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ छह लाख रुपये बताया गया है। कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित