मुरैना , सितंबर 01 -- मध्यप्रदेश के मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले में संचालित 81 गौशालाओं की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर 10 दिन में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि पशुपालन विभाग द्वारा चार टीमें गठित कर सभी गौशालाओं का निरीक्षण कराया जाए।
कलेक्टर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्रत्येक गौशाला में उपलब्ध गोवंश, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का मौके पर सत्यापन किया जाए और वास्तविक स्थिति का स्पष्ट उल्लेख रिपोर्ट में किया जाए।
श्री जांगिड़ ने कहा कि जिले में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं तथा वहां पर्याप्त संख्या में गोवंश उपलब्ध होने के संबंध में प्राप्त शिकायतों की वास्तविक स्थिति का मौके पर सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने पशुपालन विभाग को चार टीमें गठित कर निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, आयुक्त नगर निगम, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित