जगदलपुर , अक्टूबर 02 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजन मुरिया दरबार में 23 अक्टूबर को शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से गुरुवार को दिए गए निमंत्रण को राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।

राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री श्री साय का निमंत्रण पत्र सौंपे जाने के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन मौजूद रहे।

मां दंतेश्वरी को समर्पित बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट जनजातीय परंपराओं, लोक आस्था और सामुदायिक सहभागिता के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है। इसकी प्रमुख परंपराओं में शामिल मुरिया दरबार बस्तर की सामाजिक एवं सामुदायिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें पारंपरिक सामाजिक प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के बीच संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाया जाता है।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का बस्तर की जनजातीय संस्कृति से पहले भी जुड़ाव रहा है। फरवरी 2026 में उन्होंने जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम का उद्घाटन किया था। इसके बाद जुलाई में बस्तर के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व का उल्लेख किया था।

राष्ट्रपति की मुरिया दरबार में प्रस्तावित उपस्थिति को बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित