मुरादाबाद , नवंबर 01 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में रेल प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच संवादहीनता को समाप्त करने तथा कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ''चाय पर चर्चा'' कार्यक्रम की एक अनूठी पहल शुरू की है।

इसी क्रम में रविवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (वरिष्ठ डीसीएम) महेश यादव ने टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अनौपचारिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनके कार्य की प्रकृति, दैनिक जीवन की चुनौतियों, कार्यस्थल की सुविधाओं और यात्रियों से जुड़े अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में उपस्थित टिकट चेकिंग स्टाफ के कर्मचारियों ने ड्यूटी व्यवस्था, कार्य के दबाव, संसाधनों की उपलब्धता और दैनिक कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को डीसीएम के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने बताया कि उनका कार्य केवल टिकट जांचने तक सीमित नहीं है, बल्कि रेलवे के राजस्व का संरक्षण करने, अनियमित यात्रियों पर कार्रवाई करने और यात्रियों को सही मार्गदर्शन देकर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

कर्मचारियों द्वारा दिए गए विभिन्न सुझावों और उठाई गई समस्याओं पर डीसीएम ने संबंधित स्तर पर त्वरित विचार कर नियमानुसार निस्तारण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर श्री महेश यादव ने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने और यात्री सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में टिकट चेकिंग स्टाफ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 'चाय पर चर्चा' जैसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करना है।

उन्होंने चेकिंग स्टाफ को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और यात्रियों के साथ शिष्ट व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। रेल प्रशासन कर्मचारियों के कल्याण, बेहतर कार्य वातावरण और निरंतर सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित