मुरादाबाद, मई 10 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल ने अप्रैल माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यात्री आय में 17 प्रतिशत की वृद्धि कर 152 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित कर रिकार्ड बनाया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में मुरादाबाद मंडल निरंतर प्रगति एवं विकास की दिशा में अग्रसर है। मंडल में आधारभूत संरचना विकास, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा बेहतर परिचालन प्रबंधन के परिणामस्वरूप रेल राजस्व में यह उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मुरादाबाद मंडल द्वारा अप्रैल-2026 के दौरान कुल 55.88 लाख यात्रियों की बुकिंग की गई, जिससे 107.54 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित हुई। यह किसी एक माह में मंडल द्वारा अर्जित की गई अब तक की सर्वश्रेष्ठ यात्री आय है।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल-2025 की तुलना में अप्रैल-2026 की यात्री आय में लगभग 17 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा अन्य कोचिंग मद से 7.39 करोड़ रुपये, माल भाड़ा आय से 34.76 करोड़ रुपये तथा विविध आय मदों से 2.38 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की गई है। इस प्रकार माह अप्रैल-2026 में मुरादाबाद मंडल की कुल आय 152.07 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.08 प्रतिशत अधिक है। मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार, बेहतर टिकटिंग व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा परिचालन दक्षता में सुधार के फलस्वरूप मंडल की आय में यह निरंतर बढ़ोत्तरी संभव हो सकी है।
मुरादाबाद मंडल भविष्य में भी यात्री हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित