मुरादाबाद , सितंबर 09 -- रेल मण्डल मुरादाबाद में अगस्त तक 2.61 मिलियन टन लोडिंग से 229.84 करोड़ रुपये का राज्स्व अर्जित किया। बुधवार को आयोजित फ्रेट कस्टमर्स मीट में मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने व्यापारिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण के अधीनस्थों को निर्देश दिए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मण्डल स्थित 'मनन सभागार' में आज़ मण्डल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 'फ्रेट कस्टमर्स मीट' ( एफसीएम ) का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लगभग 40 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां मण्डल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि माल भाड़े एवं परिचालन से जुड़ी समस्याओं का मण्डल स्तर पर प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा।

बैठक के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने उपस्थित व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए उनके सुझाव सुने और फीडबैक लेकर समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापारिक प्रतिनिधियों से संवाद कायम रखा जाएगा। बैठक में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा ने मण्डल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त माह तक मण्डल द्वारा कुल 2.61 मिलियन टन माल की लोडिंग की गई, जिससे रेलवे को 229.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होने बताया कि व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से अमरोहा, बुंदकी, इकबालपुर, हरदोई, बिजनौर, रुड़की, रामपुर और चंदौसी सहित विभिन्न गुड्स शेडों में मर्चेंट रूम, लेबर रूम, पेयजल, सीसीटीवी, ड्रेनेज, अप्रोच रोड और कवर्ड शेड जैसी मूलभूत अवसंरचना का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा अगवानपुर, स्योहारा, दबतरा, कौड़ा और लाखन में नए गुड्स शेड विकसित करने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में बीटीपीएन और बीसीएन/बीसीएनएचएल वैगनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग पर विशेष बल दिया गया।

इस दौरान अपर मण्डल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक आदित्य गुप्ता, मण्डल वाणिज्य प्रबंधक पी.एस. बघेल सहित टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी सीमेंट, आईओसीएल, बीपीसीएल, कॉन्कोर, रोजा पावर और द्वारिकेश शुगर मिल जैसी प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित