मुरादाबाद, मई 28 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नगर की मुख्य ईदगाह पर सुबह अकीदतमंदों ने पूरी अकीदत के साथ नमाज अदा की और मुल्क और कौम की तरक्की और अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल की टीमें मुस्तैद दिखाई दीं। त्योहार को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए शासन की गाइडलाइंस का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि मुरादाबाद में ईद-उल-अजहा की नमाज पूरी तरह सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। त्योहार को सफल बनाने के लिए पूर्व में ही शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर लिया गया था। सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय का ही परिणाम है कि स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई। सुरक्षा के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में 11 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी, साथ ही जनपद के सभी 19 थानों में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मजिस्ट्रेट के रूप में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नमाज अदा करने अथवा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी देने पर पूरी तरह रोक है। कुर्बानी के बाद अवशेषों के निस्तारण के लिए नगर निगम और ग्राम पंचायतों द्वारा विशेष वाहनों का प्रबंध किया गया है ताकि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैले। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी निगरानी की बात कहते हुए क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित