मुरादाबाद , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश सरकार की 'एक परिवार-एक पहचान' (फैमिली आईडी) योजना के तहत मुरादाबाद जिले में निर्धारित लक्ष्य का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।
जिले को मिले 1,47,892 फैमिली आईडी के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1,17,337 परिवारों की आईडी बनाई जा चुकी है। शेष 30 हजार से अधिक परिवारों की फैमिली आईडी शीघ्र तैयार कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ ने धीमी प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी योजना का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सीधे तरीके से पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए श्वेतांक पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रमोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, सभी खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को शेष परिवारों की फैमिली आईडी बनाने के लिए अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित