मुरादाबाद , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में 51वीं अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि बरेली जोन की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुरादाबाद द्वारा किया गया। इस चार दिवसीय आयोजन के अंतर्गत आयोजित होने वाले जूडो, वूशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट जैसे विभिन्न खेलों में बरेली जोन के अलग-अलग जिलों से आए महिला एवं पुरुष पुलिस खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उद्घाटन के विशेष अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मैदान पर उतरकर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का व्यक्तिगत रूप से परिचय कराया और उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, कड़े अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता के सफल और पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित