मुरादाबाद, सितंबर 14 -- प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यों के माध्यम से आमजन तक सुशासन, जनसेवा और जनभागीदारी का प्रभावी संदेश पहुंचाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में सोमवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागीय समन्वय और सफल निष्पादन पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर इस अभियान को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया जाए। माहभर चलने वाले इस आयोजन के तहत 'सेवा संवाद', 'सेवा चौपाल', 'सेवा यात्रा', 'सेवा मेरा योगदान', 'सेवा सेतु अभियान', 'सेवा के रंग-राष्ट्र के संग', 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' तथा 'सुशासन सेवा संवाद' जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) श्वेतांक पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आरपीओ भगत, उपायुक्त स्वतः रोजगार दीपांशु सिंह सहित उद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित