मुरादाबाद , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में सास और बहू की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के गांव पत्थरखेड़ा गांवड़ी निवासी रवि (32) अपनी मां लज्जावती (55) और पत्नी सोना (30) के साथ बाइक से तहसील मुख्यालय की ओर जा रहे थे। गुरुवार रात जब वे पसियापुरा पदार्थ गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित ऑल्टो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। तेज रफ्तार के कारण कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में लज्जावती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोना और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरद्वारा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लज्जावती को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत के चलते रवि और सोना को उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सोना ने भी दम तोड़ दिया। रवि का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित