मुरादाबाद, जून 08 -- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाइक से वापस घर लौट रहे मामा-भांजी की सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर गांव कांकरखेड़ा के निकट एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डिलारी क्षेत्र के गांव नारायणपुर निवासी नैना उर्फ पूजा (20) सोमवार को रामपुर में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने मामा रामसिंह (30) पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी गांव कांकरखेड़ा, थाना भगतपुर के साथ मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर गांव कांकरखेड़ा के पास पहुंची, तभी डूंगरपुर की ओर से आ रहे एक तेज गति के डंपर ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मामा-भांजी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित