मुरादाबाद , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भदासना एयरपोर्ट मोड़ के पास सुबह करीब नौ बजे यह हादसा उस समय हुआ हुआ जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में कुछ युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू लदे एक डंपर ने सड़क पर पड़े दो युवकों को कुचल दिया।
इस हादसे में रजौड़ा कन्नरदेव गांव निवासी पूरन सिंह के पुत्र खेमपाल (25) तथा वीरपाल के पुत्र सौरभ (23) को गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार खेमपाल, सौरभ और उनका साथी सूरज एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामपुर दोराहा स्थित एक निर्यात इकाई में काम करने जा रहे थे। भदासना हवाई अड्डे के पास उनकी मोटरसाइकिल की विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद खेमपाल और सौरभ सड़क पर गिर पड़े, तभी रामपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया।
इस दुर्घटना में सूरज तथा दूसरी मोटरसाइकिल सवार दौलारी निवासी रहमत घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सूरज की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित