मुरादाबाद।, जून 19 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के भोजपुर में शुक्रवार सुबह बस की चपेट में आने से एक चिकित्सक की मौत हो गयी जबकि उसके दोस्त की पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि डिलारी थाना क्षेत्र के गांव रजबपुर केसरिया निवासी डॉ. आरिफ (45) शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अपनी स्कूटी से भोजपुर के मोहल्ला झंडेवाला निवासी अपने दोस्त की बेटी तेजस्विनी को कोचिंग सेंटर मुरादाबाद छोड़ने जा रहे थे। तेजस्विनी मुरादाबाद के स्कॉलर डेन इंस्टीट्यूट में कोचिंग ले रही है। जैसे ही उनकी स्कूटी भोजपुर प्राइवेट बस स्टैंड के पास पहुंची, तभी काशीपुर की ओर से आ रही एक निजी बस की चपेट में स्कूटी के आ जाने से डॉ. आरिफ और तेजस्विनी दोनों उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोजपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद डॉ. आरिफ को मृत घोषित कर दिया, जबकि छात्रा तेजस्विनी की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला संयुक्त अस्पताल मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित