मुरादाबाद , जून 17 -- रेल मंडल मुरादाबाद अंतर्गत बरेली यार्ड में स्थित पुरानी वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 के आवश्यक रखरखाव व मरम्मत कार्य के कारण इस मार्ग से संचालित होने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को अस्थाई रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रेल प्रशासन के आला अधिकारियों का हवाला देते हुए बुधवार को बताया कि बुनियादी ढांचागत सुधार कार्य के चलते आगामी जुलाई और अगस्त महीनों में अलग-अलग तिथियों पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 14314 बरेली - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस आगामी 11 जुलाई, 18 जुलाई, 25 जुलाई और 1 अगस्त 2026 को अपने तय दिनों में निरस्त रहेगी। इसके साथ ही वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 14313 लोकमान्य तिलक - बरेली एक्सप्रेस भी 13 जुलाई, 20 जुलाई, 27 जुलाई और 3 अगस्त 2026 को निरस्त रहेगी।
मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को भी इस कार्य के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, जिसके तहत गाड़ी संख्या 14320 बरेली - इंदौर जंक्शन एक्सप्रेस 8 जुलाई, 15 जुलाई, 22 जुलाई और 29 जुलाई 2026 को नहीं चलेगी, जबकि विपरीत दिशा से आने वाली गाड़ी संख्या 14319 इंदौर जंक्शन - बरेली एक्सप्रेस का परिचालन 9 जुलाई, 16 जुलाई, 23 जुलाई और 30 जुलाई 2026 को रद्द किया गया है।
इसके अतिरिक्त, स्थानीय और दैनिक यात्रियों को सेवा देने वाली गाड़ी संख्या 54075 बरेली - दिल्ली जंक्शन पैसेंजर तथा गाड़ी संख्या 54076 दिल्ली जंक्शन - बरेली पैसेंजर आगामी 5 जुलाई 2026 से लेकर 3 अगस्त 2026 तक की पूरी अवधि के लिए पूरी तरह से निरस्त रहेंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा योजना में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) ऐप या वेबसाइट पर जाकर नवीनतम अपडेट अवश्य देख लें अथवा रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित