मुरादाबाद, सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना भोजपुर क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी के कर्मचारी से 18 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों की लूट की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दुकान के ही नौकर ने अपने दो दोस्तों के साथ शातिराना तरीके से मिलकर योजनाबद्ध ढंग से घटना को अंजाम दिया था। पुलिस को भ्रमित करने के लिए झूठी लूट और हमले का ड्रामा रचा गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दादूपुर क्षेत्र से डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि स्कूटी सवार एक सर्राफा कर्मचारी को घेरकर लाठी-डंडों व धारदार चाकू से हमला किया गया और उससे भारी मात्रा में नकदी व जेवरात लूट लिए गए। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर जांच शुरू की।
बताया कि जांच के दौरान पुलिस को सर्राफा कर्मचारी के बयानों में भारी विरोधाभास मिला तो कड़ाई से पूछताछ और सर्विलांस, एसओजी व सीसीटीवी फुटेज की मदद से जब कड़ियां जोड़ी गईं, तो पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी नौकर शंकर (निवासी- ग्राम दादूपुर, थाना भोजपुर, मुरादाबाद) ने स्वीकार किया कि उसने करीब तीन-चार महीने पहले ही अपने दो सहयोगियों मनीष (निवासी- ग्राम दादूपुर, थाना भोजपुर, मुरादाबाद) और हर्ष (निवासी- ग्राम दादूपुर, थाना भोजपुर, मुरादाबाद) के साथ मिलकर इस फर्जी वारदात की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली थी। योजना यह थी कि जिस दिन भी दुकान से मोटी रकम और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर ले जाने का मौका मिलेगा, उसी दिन लूट का नाटक करके पूरी संपत्ति आपस में बांट लेंगे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों अभियुक्तों शंकर, मनीष और हर्ष समेत तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करते हुए 5 लाख 60 हजार रुपये नकद, 107.21 ग्राम सोने के आभूषण (तीन सोने के हार और एक माथे का टीका, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 13.40 लाख रुपये है) तथा दो सफेद धातु (चांदी) के आभूषण सफलता पूर्वक बरामद कर लिए हैं।
भोजपुर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित