मुरादाबाद , सितंबर 26 -- त्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में शनिवार सुबह से जारी बारिश के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तापमान में गिरावट आने से ठंडक का अहसास होने लगा है। लगातार बारिश के कारण मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा और संभल के कई इलाकों में पानी भरने तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों के ईर्द-गिर्द और गलियों में पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए मंडल के जनपदों में जिला प्रशासन ने कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और अन्य बोर्डों के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। रामपुर और अमरोहा में भी शैक्षणिक संस्थान बंद रखे गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग और प्रादेशिक मौसम केन्द्र लखनऊ के पूर्वानुमान अनुसार 26 सितम्बर की सुबह से 27 सितम्बर की सुबह तक मुरादाबाद जनपद में भारी वर्षा, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की सम्भावना व्यक्त की गई है।

मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। प्रशासन द्वारा लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जर्जर भवनों, कच्चे निर्माणों, पुराने पेड़ों और बिजली के खंभों या ट्रांसफार्मर से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। आंधी और बारिश के दौरान विद्युत सुरक्षा का ध्यान रखने, पानी भरे मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने तथा बच्चों को नदियों, नालों व तालाबों से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से भी खेतों में कार्य करते समय बिजली कड़कने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने और नागरिकों से केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (टोल फ्री 1077) और पुलिस आपातकालीन सेवा (112) को सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे पूर्ण सतर्कता बरतें, अपने परिवार व बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित