लखनऊ , जून 3 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की ओर से चार जून को मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा में विजय संकल्प महारैली का आयोजन किया जाएगा। रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री चौधरी जयंत सिंह संबोधित करेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने बुधवार को बताया कि ठाकुरद्वारा स्थित सनातन धर्म हिन्दू इंटर कॉलेज मैदान में अपराह्न दो बजे से आयोजित होने वाली यह रैली मुरादाबाद के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा, मेरठ और सहारनपुर में विजय संकल्प रैलियों को संबोधित कर चुके हैं तथा अब उनका अगला पड़ाव मुरादाबाद होगा।
श्री दुबे ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं तथा उन्हें रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठाकुरद्वारा की धरती से चौधरी जयंत सिंह किसानों, युवाओं और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। राष्ट्रीय लोकदल किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार, मजदूरों के अधिकार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रालोद नेता ने बताया कि विजय संकल्प महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए मुरादाबाद जनपद के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित