मुरादाबाद, जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए रामगंगा नदी में नहाने गए चार दोस्त नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गये। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल कार्रवाई करते हुये तीन युवकाें को बचा लिया जबकि एक की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा की मिलक स्थित रामगंगा नदी में नहाने गए चार दोस्त तेज़ बहाव में डूब गए थे। समय रहते रेस्क्यू टीम द्वारा तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक लापता है। पीएसी गोताखोरों की टीम द्वारा नदी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन देर रात चलाया गया लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस और स्थानीय थाना पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नदी में काफी दूर तक बह जाने के बाद सिविल लाइंस पुलिस और पीएसी के गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। लापता युवक की शिनाख्त आसिफ (28) पुत्र छोटे जनपद अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला बड़ा दरबार निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उक्त चारों युवक सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मोनू अलमारी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। इलाके में बिजली गुल होने और भीषण गर्मी के कारण चारों दोस्त राहत पाने के उद्देश्य से रामगंगा नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे, तभी अचानक पानी के तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित